केजरीवाल के काम से 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी बनी आप : संजय सिंह

- देशभर में अब नहीं करना होगा सिंबल के लिए संघर्ष : गोपाल राय

नई दिल्ली। गुजरात चुनाव में 13 फीसदी वोट हासिल करने के बाद राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ी आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में बृहस्पतिवार को जश्न का माहौल रहा। सुबह से ही पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर पर पहुंचने लगे थे। इस जश्न में शामिल होने आप सांसद संजय सिंह, पार्टी के सचिव पंकज गुप्ता और दिल्ली के संयोजक गोपाल राय सहित अन्य नेता भी पहुंचे।
इस दौरान संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के काम से पार्टी महज दस सालों में ही राष्ट्रीय पार्टी बन गई। गुजरात की 35 लाख से अधिक जनता ने अपना आशीर्वाद देकर देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली पार्टी बना दिया है। भाजपा की गुजरात प्रयोगशाल कही जाती है। आप ने भाजपा के किले को भेदने का काम किया है। जबकि भाजपा हिमाचल सहित अन्य राज्य के उप-चुनाव हार गई।
संगठन को करेंगे मजबूत : गोपाल राय
गोपाल राय ने कहा कि अभी तक पार्टी के विधायक दिल्ली, पंजाब और गोवा में थे, अब गुजरात में भी पार्टी के विधायक हो गए हैं। गुजरात के 35 लाख से अधिक से अधिक वोटर ने पार्टी के लिए मतदान किया। इसके लिए गुजरात के लोगों को बधाई देता हूं। गुजरात के लोगों ने खिड़की खोल दी है, अगली बार गुजरात का दरवाजा टूटेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के उम्मीदवार को अब पूरे देश के चुनाव में झाडू का ही सिंबल मिलेगा। पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में हैं। यह पूरे देश में संगठन विस्तार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा गुजरात चुनाव जरूर जीती है लेकिन यूपी समेत अन्य राज्यों में हुए उपचुनाव, एमसीडी और हिमाचल चुनाव में भाजपा की हार हुई है। जनता साफ संकेत दे रही है कि बदलाव भी संभव है। जिस तरह से देश में महंगाई और बेरोजगारी है, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था का खस्ताहाल है। पूरा देश बदलाव चाहता है। गुजरात ने वह रास्ता खोला है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.