निगम चुनाव के लिए भाजपा ने किया शंखनाद
-पंचपरमेश्वर सम्मलेन में बोले नड्डा भ्रष्टाचार में लिप्त केजरीवाल को सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लें
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को रामलीला मैदान से निगम चुनाव का शंखनाद किया।पंचपरमेश्वर सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टियां इतनी बड़ी जनसभा नहीं कर पाती हैं उतना तो हमारे यहां कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हो जाता है। हम सौभाग्यशाली हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का हिस्सा हैं। 18 करोड़ सदस्यों वाली पार्टी होने का प्रमाण है कि जब हम आवाहन करते हैं तो वह ताकत बन जाती है।
जे पी नड्डा ने कहा कि सत्ता में आने से पहले केजरीवाल शराब के ठेके खोलने के खिलाफ थे और सत्ता में आते ही उन्होंने मोहल्ले-मोहल्ले में शराब पहुंचाने का काम किया। शराब माफियाओं के साथ मिलकर उन्होंने पहले कमीशन 2 फीसदी से 12 फीसदी कर 400 करोड़ की जगह 2400 करोड़ रुपये वसूलकर उसका 6 फीसदी अपने जेब में डाल लिया। ऐसे घोटालेबाजों को सत्ता से उखाड़ फेंककर ही दिल्ली को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान से ही लोकपाल बिल लाने की बार-बार दुहाई देने वाले केजरीवाल ने भ्रष्टाचार की सभी पराकाष्ठाओं को पार कर दिया।
जे पी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस जो कमीशन के लिए जानी जाती थी उसको भी पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं शिक्षा के क्षेत्र में क्या किया सीएजी को जवाब नहीं दिया। 2526 कमरे और साथ में 160 टॉयलेट बनवाने थे, 807 करोड़ रुपये की टेंडर निकाला गया लेकिन कमरों की कीमत सिर्फ 5 लाख रुपये प्रति कमरा जबकि केजरीवाल ने खर्च किए 33 लाख रुपये प्रति कमरा। उन्होंने कहा कि 745 स्कूलों में प्रधानाध्यापक नहीं, 70 फीसदी स्कूलों में साइंस और कॉमर्स की पढ़ाई तक नहीं होती और केजरीवाल कहते हैं कि गरीब बच्चों को डॉक्टर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जब सत्ता में आए तो 6600 बसें दिल्ली में थी तो 11000 नई बसें लाने का वायदा किया था, लेकिन आज 3680 बसें ही रह गई हैं। बसों के मेंटनेंस में भ्रष्टाचार, बिजली में भ्रष्टाचार गरीबों को लूटने का काम केजरीवाल ने किया है।
जे पी नड्डा ने कहा कि भाजपा विचारशील पार्टी है और उसने कभी भी अपने विचारों से समझौता नहीं किया। हमारा शुरु से ही एक नारा था कि एक देश में दो विधान, दो निशान और दो संविधान नहीं चलेगा और आज हमने कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर प्रमाणित भी कर दिया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की चिंता करना भाजपा ने कभी नहीं छोड़ा और गरीबों के लिए समर्पित होने के संकल्प को हमने पूरा करके दिखाया।
जे पी नड्डा ने कहा कि भाजपा के जनाधार का प्रमाण इसी से लगाया जा सकता है कि आज लोकसभा में 302 सांसद, राज्यसभा में 92, 1395 विधायक, 18 राज्यों में एनडीए की सरकार, 117 मेयर, हज़ारों में जिला पार्षद और लाखों में वार्ड मेंबर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का सिर्फ राजनीतिक चेहरा ही नहीं बल्कि समाजिक चेहरा भी लोगों ने कोरोना के दौरान देखा। 50 करोड़ से ज्यादा दूध पैकेट, 30 करोड़ राशन किट, 80 करोड़ के आसपास मास्क और फ्रंट लाइन वर्कर्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे लेकिन अन्य पार्टियों के नेता या तो खुद को आइसोलेट कर लिया या फिर सिर्फ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बयानबाजी करते हुए देखे गए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि आज राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा द्वारा जो शंखनाद विजय संकल्प के रुप में किया गया है, उसकी आवाज यहां उपस्थित एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से पूरे दिल्ली के दो करोड़ लोगों तक पहुंचने वाली है। यह विजय संकल्प आगे भी जारी रहेगा इस विश्वास के साथ हम आगे बढेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही राष्ट्र को आगे रखती है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ भाजपा का यह पंचपरमेश्वर सम्मेलन दिल्ली की झूठी और प्रोपेगेंडा वाली सरकार के अंत की शुरुआत है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के अंदर जिस सरकार ने शराब घोटाला कर युवाओं और महिलाओं के जीवन को अंधकार में डालने का काम किया है। आज केजरीवाल सरकार शराब माफियाओं को सह देने वाली पार्टी बन गई है। दिल्ली में लोगों को साफ पानी, बेहतर सुविधा, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिले इसकी चिंता करने की जगह मनीष सिसोदिया शराब के समान वितरण की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की हर स्कीम स्कैम के लिए होता है क्योंकि केजरीवाल और भ्रष्टाचार दोनों एक-दूसरे के पूरक हो गए हैं। केजरीवाल ने दिल्ली के भविष्य यानि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया है।
श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि अपना चेहरा चमकाने के लिए केजरीवाल कोई मौका नहीं छोड़ते। दिल्ली में उच्च शिक्षा के लिए किसी भी विद्यार्थी को लाभ नहीं मिला लेकिन विज्ञापन पर 19.5 करोड़ रुपये खर्च कर दिया गया। दिल्ली में बारिश आ जाए तो घर से निकलने के लिए सोचना पड़ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता और संगठन है। इसलिए यहां से संकल्पित होकर हम आगे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी और गरीब कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएंगे। आज से ही इस विजय संकल्प की शुरुआत हो रही है जो आगे भी जारी रहेगी।