मुस्तफाबाद इलाके में बंद कमरे में घायल अवस्था में मिले पति-पत्नी, पत्नी की मौत
-कमरे में खून से लथपथ माता-पिता के पास रो रहा था दो महीने का मासूम
नई दिल्ली । मुस्तफाबाद इलाके में मंगलवार को एक इमारत के बंद कमरे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। दोनों के शरीर पर चाकू से गोदने के निशान थे और महिला का गला रेता गया था। दंपति का करीब दो माह का बच्चा अपनी माँ के शव के पास बैठा था और बिलख बिलख कर रो रहा था। परिजनों ने दयालपुर थाना पुलिस को सूचना दी और बहू-बेटे को अस्पताल में भर्ती करया। अस्पताल में महिला को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसके पति की हालत नाजुक बनी हुई है। दयालपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आ रहा है कि पति ने पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश की है। लेकिन मामले में विशेषज्ञों से जांच के बाद सही जानकारी मिल पाएगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 23 वर्षीय नेहा अपने परिवार के साथ मुस्तफाबाद गली नंबर 15 में रहती थी। परिवार में पति 25 वर्षीय फरमान, दो माह का बेटा शामिल है। परिवार चार मंजिला इमारत में दूसरी मंजिल पर रहती थी। इमारत में अन्य फ्लोर पर नेहा के सास-ससुर, देवर व अन्य सदस्य रहते हैं। नेहा का मायका शास्त्री पार्क इलाके में है। वर्ष 2019 में दोनों की शादी हुई थी। फरमान सिलाई का काम करता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर के वक्त लोगों ने नेहा के बेटे की जोर जोर से रोने की आवाज सुनी थी। उन्होंने फरमान के परिजनों को इसकी सूचना दी। जब वह उसके फ्लोर पर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजे को तोड़ दिया।
खून से लथपथ मिले दंपति
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कमरे के अंदर का मंजर दिल दहला देने वाला था। नेहा और फरमान कमरे में खून से लथपथ पड़े थे। उनका बेटा बुरी तरह से रो रहा था। फरमान की कुछ कुछ सांस चल रही थीं। जबकि नेहा की मौत हो चुकी थी। नेता और फरमान दोनों के गले पर चाकू से काटे जाने का गहरा घाव था। फरमान के पेट में भी चाकू लगा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और उन्हें जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फरमान की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
बंद कमरे में दंपति में हुई हाथापाई
पुलिस सूत्रों का कहना है कि क्राइम सीन देखने से लगता है कि दोनों के बीच पहले काफी हाथापाई हुई। चाकू से पहले किसने किसको मारा यह तो नहीं कह सकते मगर इतना लगभग साफ है कि महिला ने आत्महत्या नहीं की। उसका गला काटा गया और शरीर पर भी चाकू से वार के कई निशान है। आशंका है कि महिला ने पति पर चाकू से हमला कर दिया हो। गुस्से में पति ने पत्नी पर हमला कर दिया। जिसके बाद खुद भी गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की हो। पुलिस का कहना है कि एक्सपर्ट डॉक्टर ही चोटों के निशान देखकर बता पाएंगे कि चाकू से खुद मारी गई चोट कौन सी है और वार करने की कौन सी है। इसके अलावा पुलिस को यह भी पता चला है कि दंपति के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता था। कई बार नेहा छत से कूदने और बच्चे को मार देने की धमकी दे चुकी थी।