दिल्ली में हुई सिल्क मार्क एक्सपो की शुरुआत
-सिल्क मार्क गुणवत्ता का एक आश्वासन लेबल: वर्मा
नई दिल्ली। भारतीय रेशम को बढ़ावा देने के लिए राजधानी दिल्ली स्थित आगा खां हॉल में 6 दिवसीय सिल्क मार्क प्रदर्शनी लगाई गई है। 03 से 08 नवंबर तक चलने वाले इस एक्सपो में 12 राज्यों के 39 प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। रविवार को इस एक्सपो का उद्घाटन वस्त्र मंत्रालय की संयुक्त सचिव प्राजक्ता एल वर्मा और केन्द्रीय रेशम बोर्ड के सदस्य सचिव पी शिवकुमार ने किया। इस अवसर पर प्राजक्ता एल वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक रेशम और सोना संभवत: दो अति महत्वपूर्ण उपयोगी वस्तुएं हैं, जहां व्यापारी शुद्धता के मामले में उपभोक्ता को आसानी से चकमा दे सकते हैं।
केंद्रीय रेशम बोर्ड ने यह सुनिश्चित करने के लिए एक नई व्यवस्था की शुरूआत की है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए सिल्क मार्क ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसएमओआई) केंद्रीय रेशम बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय, द्वारा प्रायोजित सोसाइटी के माध्यम से सिल्क मार्क के नाम से एक योजना बनाई गई है। सिल्क मार्क एक गुणवत्ता आश्वासन लेबल है रेशम उत्पादों पर चिपकाया जा सकता है जो 100 प्रतिशत प्राकृतिक रेशम से बने होते हैं। वहीं, पी शिवकुमार ने बताया कि पांच हजार से अधिक सदस्यों के साथ और 6.0 करोड़ से अधिक सिल्क मार्क लेबल वाले उत्पाद बाजार में हैं। सिल्क मार्क ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया रेशम गुणवत्ता मुहिम, रेशम बिरादरी में शुद्धता की गारंटी का नेतृत्व कर रहा है।