नई दिल्ली:दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती ने शनिवार को वित्तीय वर्ष 2023-24 का संशोधित बजट अनुमान तथा वित्तीय वर्ष 2024- 25 का बजट अनुमान पेश किया। निगम सदन की इस विशेष बजट बैठक में सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच नोकझोंक के बीच निगमायुक्त ने साढ़े 16 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का प्रावधान किया, इसमें खर्च के 16,683 करोड़ रुपए खर्च और 15,686 करोड़ रुपए की आय का अनुमान रखा है।
विशेष बात यह है कि निगमायुक्त ने अपने बजट भाषण में पुरानी योजनाओं और राजस्व अर्जित करने के बारे में तो बताया, लेकिन उन्होंने कोई भी नई परियोजना लाने का उल्लेख नहीं किया। कुल मिलाकर निगम इतिहास में पहली बार निगमायुक्त द्वारा सीधे निगम सदन में प्रस्तुत किए गए इस बजट में नया कुछ भी नहीं है। विपक्षी भाजपा पार्षदों ने कहा कि असंवैधानिक रूप से पेश किए गए इस बजट दिल्ली के निकास और जनहित में कुछ भी नहीं है। इधर पिछले वर्षों की तरह निगमायुक्त ने बजट में प्रोफेशनल टैक्स लाने के प्रस्ताव को प्रस्तावित किया है। निगमायुक्त भारती ने अपने लगभग एक घंटे के बजट भाषण में कहा कि इस वित्तीय वर्ष में निगम ने संपत्ति-कर से रिकार्डतोड़ राजस्व अर्जित कर नया कीर्तिमान बनाया है। बजट में निगमायुक्त ने निगम को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया है।
संपत्ति-कर से रिकार्डतोड़ राजस्व अर्जित किया
आयुक्त ने बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 में निगम को 2417 करोड़ रुपए का राजस्व संपत्ति-कर से प्राप्त हुआ है. यह राजस्व पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग 400 करोड़ ज्यादा है। आयुक्त ने कहा कि यह निगम इतिहास में अबतक संपत्ति-कर से प्राप्त सर्वाधिक राजस्व है। उन्होंने बताया कि करदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में संपत्ति-कर दाताओं की संख्या 1140515 थी जबकि वित्तीय वर्ष 2022-23 में यह संख्या लगभग 1.90 लाख बढ़कर 1329641 हो गई है। इसी तरह हस्तांतरण शुल्क के रूप में प्राप्त हुए हैं जबकि वित्तीय वर्ष 2021-22 में यह आंकड़ा 1673 करोड़ रुपए था। निगमायुक्त ने कहा है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2023-24 में संपत्ति-कर के निर्धारित लक्ष्य 3500 करोड़ रुपए के अपेक्षा में 14 नवम्बर 2023 तक 1549.93 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त कर लिया है।
निगम बजट के अनुमानों के मुख्य बिन्दु:
: सहभागिता योजना में एक नई प्रणाली का प्रावधान किया गया है, जिसके अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों जिनका कुल भूमि क्षेत्रफल 10 एकड़ से अधिक है, उन्हें 100 प्रतिशत संपत्ति कर जमा कराने के उपरांत 5 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि विकास कार्यों के लिए दी जाएगी।
: पॉयलट प्रोजेक्ट के तौर पर 3 वार्डों प्रीत विहार, पूर्व पटेल नगर और कोटला मुबारकपुर में आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस के माध्यम से प्रदत नागरिक सेवाओं में कमी को पहचानने और सुधार करने हेतु सूचना भेजने की प्रणाली की स्थापना करना।
: नजफगढ़ क्षेत्र के इंदिरा पार्क, पश्चिमी क्षेत्र के विष्णु गार्डन, पश्चिमपुरी, मादीपुर जे.जे कॉलोनी, करोल बाग क्षेत्र के प्रेम नगर, नरेला क्षेत्र के बवाना, सिविल लाइंस क्षेत्र के मुकुंदपुर और केशवपुरम क्षेत्र के सरस्वती विहार में स्कूल भवनों का निर्माण का कार्य पूरा हो गया है।
: पश्चिमी क्षेत्र के पंजाबी बाग, पश्चिम विहार, सिविल लाइंस क्षेत्र के इब्राहिम पुर, वजीराबाद गांव, जी.टी.बी. नगर और रोहिणी क्षेत्र के मंगोलपुरी समेत लगभग 20 स्कूल भवन निर्माणधीन
: निगम ने लाजपत नगर में 246, हौजखास में 136, अधचिनी गांव में 56, सुभाष नगर में 236 व निजामुद्दीन बस्ती के निकट 86 कारों की मल्टीलेवल कार पार्किंग का कार्य पूरा कर लिया है।
: पंजाबी बाग में 225, ग्रेटर कैलाश मार्केट में 399, अमर कॉलोनी लाजपत नगर में 81, शिवा मार्केट पीतमपुरा में 500, गांधी मैदान चांदनी चौक में 2,338, कुतुब रोड पर 174, निगम बोघ घाट में 95 और बाग दिवार मार्केट, फतेहपुरी में 196 कारों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिसे इस वित्तीय वर्ष में पूरा करने की योजना है।
: तीनों लैंडफिल साइट पर ट्रॉमलिंग मशाीनों के द्वारा नवंबर 2023 तक लगभग 102 लाख मीट्रिक टन कूड़े का पृथक्कीकरण किया जा चुका है।
:नरेला-बवाना में 3600 टीपीडी क्षमता के वेस्ट टू एनर्जी प्लांट स्थापित किया जायेगा साथ ही ओखला व तेहखंड वेस्ट-टू-एनजीज़् प्लांट की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है।
: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और एसडब्ल्यूएम 2016 नियमों के अनुपालन के ऑडिट के लिए एएससीआई ब्प्, हैदराबाद के साथ समझौता किया है। इसके तहत् ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कमियों की पहचान कर, बेहतर सुझाव दिया जायेगा।
Perfect Khabar is a Leading Hindi News Paper and web portal,.It's Publish From Delhi