सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ “आप” का जोरदार विरोध प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने रिहाई की मांग की
नई दिल्ली। ‘‘आप’’ सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जबतक संजय सिंह रिहा नहीं हो जाते हैं, हम मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ लड़ाई को जारी रखेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पुलिस के बल प्रयोग का भी सामना करना पड़ा। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया और आम आदमी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोदी जब-जब डरता है-ईडी को आगे करता है, मोदी तेरी तानाशाही, नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, संजय सिंह को रिहा करो, भाजपा मुर्दाबाद, ईडी-सीबीआई मुर्दाबाद, 2024 में मोदी को जाना होगा, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो, ‘ईडी-सीबीआई भाजपा के भाई समेत अन्य नारे लगाए। आम आदमी पार्टी का यह प्रदर्शन भाजपा कार्यालय तक चलना था लेकिन भाजपा की दिल्ली पुलिस ने बेरीकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके कारण कुछ देर बाद प्रदर्शन को समाप्त करना पड़ा।
बेजेपी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ संदीप पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश को बर्बाद करने पर लगी हुई है। आज देश के युवा बेरोजगार हैं, महंगाई अपनी चरम सीमा पर है। देश में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। यह सरकार सिर्फ जुमले वाली सरकार है। जिन लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को वोट दिया था आज वही लोग बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंकने की कसम खा चुके हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब में क्रांतिकारी काम कर रही है इसीलिए आम आदमी पार्टी को रोकने के लिए बीजेपी रोजाना नए-नए षड्यंत्र रच रही है। हमारे नेताओं को फर्जी मुकदमों में जेल में डाला जा रहा है।
डॉक्टर संदीप पाठक ने आगे कहा कि हमें काम करने से रोकने की भरपूर कोशिश की जा रही है लेकिन मैं मोदी सरकार से कहना चाहता हूं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जो देश को नंबर वन बनाने का सपना देखा है उसको पूरा किए बिना हम रुकने वाले नहीं हैं। आप हम लोगों पर कितने भी ईडी और सीबीआई के छापे पड़वा लीजिए लेकिन हम डरने वाले नहीं है। ना तो पहले किसी छापे में आपकी ईडी और सीबीआई को कुछ मिला था और ना ही अब कुछ मिलने वाला है। आज ईडी और सीबीआई जैसी देश की सरकारी संस्थाएं मोदी सरकार के दबाव में काम कर रही हैं। आज विपक्ष का कोई भी नेता मोदी सरकार से सवाल करता है तो मोदी जी उसके पीछे ईडी और सीबीआई को छोड़ देते हैं। मोदी सरकार डरा-धमका कर विपक्ष के दिल में खौफ पैदा करना चाहती है। अगर इन्होंने पिछले 9 सालों में कोई भी एक अच्छा काम किया होता तो इनको इस तरह ईडी और सीबीआई का सहारा नहीं लेना पड़ता। मोदी जी ईडी और सीबीआई के दम पर केंद में सरकार बनाना चाहते हैं।
वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि पांच राज्यों में होने वाले अगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बुरी तरह से हार रही है। हार की बौखलाहट से मोदी सरकार ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। आज पूरा देश देख रहा है कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी एक छोटी सी पार्टी से डर गई है। हमें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। हमें विश्वास है कि संजय सिंह और मनीष सिसोदिया जल्द ही जेल से बाहर आएंगे। ईश्वर हमारे साथ है। संजय सिंह और मनीष सिसोदिया की रिहाई तक हम लोग सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक की लड़ाई जारी रखेंगे।
प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप पांडे ने कहा कि पिछले 15 महीनों से ईडी-सीबीआई मोदी जी के कहने पर एक फर्जी केस में जांच कर रही है लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। संजय सिंह जी गरीबों की बुलंद आवाज़ हैं जो मोदी सरकार के खिलाफ बोलने में बिल्कुल हिचकिचाते नहीं हैं, इसलिए मोदी सरकार ने ईडी के माध्यम से उनको गिरफ्तार करवाया है। आज लोकतंत्र खतरे में है। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि आपके मनसूबों के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी।