एमसीडी के इतिहास में पहली बार 1 तारीख को सफाई कर्मचारियों को मिला वेतन

- दिल्ली नगर निगम के 30,500 नियमित और 16 हजार दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन मिला है:डॉ शैली ओबरॉय

नई दिल्ली। दिल्ली की मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने मंगलवार को कर्मचारियों के वेतन को लेकर महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एमसीडी के इतिहास में पहली बार 1 तारीख को सफाई कर्मचारियों के वेतन का भुगतान हुआ है। दिल्ली नगर निगम में 30,500 नियमित सफाई कर्मचारी एवं 16000 दैनिक वेतनभोगी सफाईकर्मी कार्यरत हैं। ऐसे में करीब 46,500 कर्मचारियों को वेतन के तौर पर करीब 229 करोड़ रुपये 1 तारीख को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सपना है कि दिल्ली को विश्वस्तरीय बनाया जाए। उनके सपने को साकार करने का काम दिल्ली नगर निगम की ‘आप’ सरकार कर रही है। दिल्ली नगर निगम में भाजपा की सरकार 15 साल में जो काम नहीं कर पायी, वह आम आदमी पार्टी की सरकार ने महज 6 माह कर पूरा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम की सफाईकर्मी रीढ़ हैं, क्योंकि एमसीडी का प्रमुख कार्य साफ सफाई है जोकि हमारे सफाई कर्मचारियों के बिना संभव नहीं है। दिल्ली नगर निगम की पिछली सरकारें सफाई कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारियों के वेतन भुगतान से संबंधित मुद्दों का स्थाई हल ढूंढ़ने में पूरी तरह से विफल रही हैं। एमसीडी में ‘आप’ सरकार ने छह माह के भीतर ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में राजस्व को बढ़ाने की दिशा में कार्य किया है। एमसीडी को वित्तीय वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में रिकॉर्डतोड़ संपत्तिकर मिला है। इससे पहली तारीख को ही अपने सफाई कर्मचारियों के वेतन का भुगतान किया गया है।
मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में पिछली सरकारें भाजपा शासित रहीं हैं। भाजपा की सरकारें 15 साल में यह करने में नाकाम रहीं थीं। हमेशा सफाई कर्मचारियों की तनख्वाह दो से तीन माह की देरी से आती थी। उन्हें कभी भी तनख्वाह 1 तारीख को नहीं मिली। आम आदमी पार्टी ने जो वादे दिल्ली की जनता और कर्मचारियों से किए थे, उन्हें पूरा किया जा रहा है। एमसीडी में भ्रष्टाचार को दूर करते हुए आप सरकार राजस्व को बढ़ाने का कार्य कर रही है। राजस्व जैसे-जैसे बढ़ता जाएगा, वैसे-वैसे व्यवस्था दुरूस्त होती चली जाएगी। मैं कर्मचारियों को आश्वासन देती हूं कि जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। कर्मचारियों को समय से तनख्वाह मिलेगी। ऐसा काम सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सिर्फ पढ़ी लिखी सरकार ही कर सकती है।
एमसीडी में नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि ‘आप’ सरकार हमेशा से सफाई कर्मचारियों के बारे में सोचती आई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में निगम की आप सरकार ने वो काम कर दिखाया है जोकि पिछली सरकारें 15 साल में भी नही कर पाई। हम दिल्ली नगर निगम को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे कि निगम का राजस्व बढ़ेगा। इस पैसे का इस्तेमाल दिल्ली के नागरिकों को बेहतर सुविधा देने एवं कर्मचारियों के वेतन का समय से भुगतान करने में किया जाएगा।
दिल्ली के डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारी 48 डिग्री की गर्मी से लेकर 1 डिग्री की ठंड में भी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहते हैं। कोरोना जैसी महामारी के समय में भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी सेवाएं दी हैं। आज सफाई कर्मचारियों को 1 तारीख को वेतन दे कर हमने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की एक और गारंटी पूरी की है। हम सभी कर्मचारियों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि उनके वेतन का भुगतान भी जल्द ही कर दिया जाएगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.