साकेत कोर्ट परिसर में महिला को मारी गोली
- दो गोली लगने से महिला हुई घायल, एक वकील और पुलिसकर्मी भी घायल
नई दिल्ली । साकेत कोर्ट परिसर में शुक्रवार सुबह वकील की वेशभूषा में आए एक शख्स ने महिला पर फायरिंग कर दी। वारदात वकीलों के चेम्बर ब्लॉक के पास हुई। आरोपी ने चार राऊंड फायरिंग की। जिसमें से दो गोली महिला को लगी। वारदात में एक वकील और पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों को गोली छु कर निकल गई। आरोपी मौके से पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची साकेत थाना पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। महिला के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित महिला के बीच 25 लाख रुपए के लेन देन को लेकर विवाद है। जिसका कोर्ट में केस चल रहा है। खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि पीड़ित महिला एम राधा अपने परिवार के साथस वसंतकुंज एंक्लेव इलाके में रहती है। शुक्रवार को महिला साकेत कोर्ट में एक चेक बाउंस के मामले में गवाही के लिए आई थी। जहां आरोपी वकील मनोज कुमार सिंह उर्फ कामेश्वर सिंह भी वकील की वेशभूषा में पहुंचा हुआ था। महिला कोर्ट में पेश होने के बाद वकीलों के चैम्बर ब्लॉक की ओर चली गई। जहां मनोज कुमार सिंह पहले से मौजूद था। मनोज और एम.राधा के बीच बहस होने लगी। दोनों के बीच बहस और गाली गालौच बढ़ गई। जिसके बाद मनोज ने पिस्तौल निकाल कर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पांच राऊंड फायरिंग की। जिसमें से दो गोली महिला को लगी और एक वकील और पुलिसकर्मी को गोली छु कर निकल गई। फायरिंग के बाद आरोपी पिस्तौल लहराते हुए कोर्ट परिसर से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों को उपचार के बाद घर छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रयास की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच के बाद आरोपी की पहचान मनोज कुमार सिंह उर्फ कामेश्वर सिंह के रूप में की। पुलिस खबर लिखे जाने तक आरोपी की तलाश कर रही थी।
मनोज सिंह का लाइसेंस है निलंबित
पुलिस सूत्रों ने बताया है कि आरोपी मनोज सिंह उर्फ कामेश्वर सिंह पेशे से वकील है। लेकिन बार एसोसिएशन ने उसका लाइसेंस निलंबित किया हुआ है। जिसके चलते वह प्रैक्टिस नहीं कर सकता। वारदात को अंजाम देने के लिए वह वकील की वेशभूषा में गया था क्योंकि इससे वह पुलिस की जांच से बचकर पिस्तौल अंदर ले जाने में कामयाब हो गया।