देश के विकास को रोकने के मंसूबे वाली ताकतें आप के खिलाफ : केजरीवाल
-आप पर करोड़ों लोगों की उम्मीद अब बन चुकी विश्वास
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि देश के विकास को बाधित करने का मंसूबा रखने वाली सभी राष्ट्र-विरोधी ताकतें उनकी पार्टी के खिलाफ हैं। केजरीवाल ने 10 वर्ष की छोटी अवधि में आप को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने चमत्कारिक और अविश्वसनीय बताते हुए कहा कि इस दर्जे के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी मिली है। उन्होंने भारत को विश्व का नंबर एक देश बनाने के लिए लोगों से आप में शामिल होने की अपील की। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए सभी समर्थकों, शुभ चिंतकों और आलोचकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जब आप बनी तो किसी ने सोचा भी नहीं था कि हमारा एक विधायक भी बन पाएगा, लेकिन महज 10 साल बाद ही आप राष्ट्रीय पार्टी बन गई। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को याद करते हुए कहा कि आज अगर वो होते तो हमारी खुशी में चार चांद लग जाते, लेकिन राष्ट्र विरोधी ताकतों ने उनको जेल में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि आप पर देश के करोड़ों लोगों की उम्मीद अब विश्वास बन चुकी है। हम सबका सपना है कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने। उन्होंने कहा कि मैं देशवासियों का आह्वान करता हूं कि भारत को नंबर-1 बनाने के लिए 9871010101 नंबर पर मिस्ड कॉल कर आम आदमी पार्टी से जुड़ें। इस दौरान राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, राघव चड्ढा, राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता, आप दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत अन्य वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज इस खुशी के मौके पर मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की बहुत याद आ रही है। अगर वे भी यहां होते तो हमारी खुशी में और चार चांद लग जाते। वो देश और हम सब के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस वक्त देश की सारी राष्ट्र विरोधी ताकतें, जो इस देश का भला और तरक्की नहीं चाहती हैं, वो सारी ताकतें मिल कर आम आदमी पार्टी का विरोध कर रही हैं। मनीष सिसोदिया का क्या कसूर है? मैं ईस्ट विनोद नगर में एक सरकारी स्कूल का उद्घाटन करने गया था। उसमें फ्रैंच, जर्मन, स्पैनिश और जैपनीज पढ़ाई जाती है। मेरी पढ़ाई हिसार के सबसे बड़े प्राइवेट स्कूल में हुई थी। हमारे स्कूल में भी इतनी भाषाएं नहीं पढ़ाई जाती थीं। बड़े-बड़े प्राइवेट स्कूलों में भी इतनी भाषाएं नहीं पढ़ाई जाती हैं, लेकिन आज दिल्ली के सरकारी स्कूलों के अंदर कई विदेशी भाषाएं पढ़ाई जाती हैं। मनीष सिसोदिया ने गरीबों के बच्चों को सपने देखने सिखाए और उनको पूरा करने का जज्बा दिया। यही उनका कसूर है। सरकारी स्कूलों में अच्छी शिक्षा नहीं मिलने के कारण 75 साल से गरीब का बच्चा गरीब रह जा रहा था। मनीष सिसोदिया ने उन बच्चों के सपनों को पर दिए और सारी राष्ट्र विरोधी ताकतों ने मिलकर उनको जेल में डाल दिया।
हमने साबित किया कि ईमानदारी से चलाई जा सकती है सरकार: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले कहते थे कि चुनाव लडऩे के लिए ढेर सारा पैसा चाहिए, बेइमानी तो करनी पड़ती है। लेकिन पहली बार हमने यह दिखा दिया कि ईमानदारी से चुनाव लड़े भी जा सकते हैं और जीते भी जा सकते हैं। हमने दिखा दिया कि ईमानदारी से सरकार चलाई भी जा सकती है और सफल सरकार चलाई जा सकती है। हमने साबित कर दिया कि सफल सरकार तो ईमानदारी से ही चलाई जा सकती है, बेइमानी से नहीं। हम सभी का सपना है कि भारत दुनिया का नंबर-1 देश बने। भारत में दुनिया का नंबर-1 देश बनने की क्षमता है। शायद भगवान भारत को दुनिया का नंबर-1 देश बनाने का काम आम आदमी पार्टी के हाथों ही करवाना चाहता है।
हमने देश में पहली बार पॉजिटिव राजनीति दी: केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि देश के अंदर दो तरह की राजनीति चल रही है। एक आम आदमी पार्टी की सकारात्मक राजनीति चल रही है। हमने दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन हमने कभी किसी को गाली नहीं दी। उन्होंने कहा कि मैंने दिल्ली विधानसभा चुनाव के पहले बोल दिया था कि मैंने पांच साल में काम किया है और मेरे काम अच्छे लगे हैं तो मुझे वोट देना, नहीं तो वोट मत देना। हमने अपने काम पर वोट मांगा। पंजाब में हमने अपनी गारंटियों पर वोट मांगे। गोवा और गुजरात में अपनी गारंटियों और काम पर वोट मांगे। यह पॉजिटिव राजनीति है। लेकिन ये लोग गुंडागर्दी, मारकाट, लड़ाई-झगड़े, गाली-गलौंज करते हैं। यह निगेटिव राजनीति है। इस देश को पहली बार हम लोगों ने एक पॉजिटिव राजनीति दी है।