कैलाश गहलोत का इस्तीफा भाजपा की गंदी राजनीति और षड्यंत्र का हिस्सा: संजय सिंह

ईडी-सीबीआई का छापा डलवाकर कैलाश गहलोत दबाव बनाया गया और अब वह भाजपा की लिखी स्क्रिप्ट बोल रहे हैं:आप

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने ईडी सीबीआई के दबाव में आकर मंत्री कैलाश गहलोत द्वारा इस्तीफा दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह का कहना है कि कैलाश गहलोत का इस्तीफ़ा भाजपा की गंदी राजनीति और षड्यंत्र का हिस्सा है। कैलाश गहलोत के ऊपर ईडी-सीबीआई का छापा डलवाकर दबाव बनाया गया और अब जो स्क्रिप्ट भाजपा की तरफ़ से उन्हें दी गई है, वह उसी हिसाब से बोल रहे हैं। दिल्ली चुनाव से पहले मोदी वाशिंग मशीन सक्रिय हो गई है। अब कई नेता इस मशीन के ज़रिए भाजपा में शामिल किए जाएंगे। पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि कैलाश गहलोत और उनके परिवार पर ईडी-सीबीआई के कई केस चल रहे हैं। इसलिए उन्होंने जेल जाने से बेहतर भाजपा में जाना समझा।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि आज भाजपा एक बार फिर अपने हथकंडे, घिनौनी राजनीति और षड़यंत्र में कामयाब हुई है। कैलाश गहलोत के ऊपर लगातार भाजपा द्वारा दबाव बनाया जा रहा था। ईडी-सीबीआई के छापे मारे जा रहे थे। ईडी के दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था। उनके घर पर इनकम टैक्स के छापे मारे जा रहे थे। यह भाजपा और नरेंद्र मोदी जी की खूबसूरती है कि जब वो किसी के यहां एजेंसियों के छापे मरवाते हैं, ईडी के दफ्तर मे पूछताछ के लिए बुलाते हैं तो जोर-जोर से प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं, चिल्लाते हैं कि कैलाश गहलोत पर यह भ्रष्टाचार है, वो भ्रष्टाचार है और जैसे ही भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो सारे आरोपों से बरी हो जाते हैं। कैलाश गहलोत के ऊपर ईडी, इनकम टैक्स समेत तमाम तरीके का दबाव था।

संजय सिंह ने कहा कि वह ऐसी बात कर नहीं सकते हैं क्योंकि वह पांच साल तक खुद सरकार का हिस्सा रहे हैं। वह इस पार्टी का हिस्सा रहे हैं। यह सारी भाजपा की स्क्रिप्ट है। वह जिस तरह की स्क्रिप्ट बनाकर देगी और जिस तरह का षड़यंत्र उन्होंने कैलाश गहलोत के खिलाफ किया है, उन्हें उसी तरह से बोलना पड़ेगा।

आम आदमी पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि चुनाव चल रहे हैं और भाजपा के गंदे षड़यंत्र शुरु हो चुके हैं। ईडी और सीबीआई एक्टिव हो चुकी है। कैलाश गहलोत के ऊपर ईडी-सीबीआई के कई मामले चल रहे थे। उनके परिवार पर भी चल रहे थे। इसलिए उन्होंने जेल के संघर्ष से बेहतर भाजपा में शामिल होना समझा। 14-15 घंटे पहले उनके सोशल मीडिया अकाउंट देखिए तो वह आम आदमी पार्टी के लिए ही काम कर रहे थे। ईडी और सीबीआई सक्रिय हो चुके हैं क्योंकि चुनाव शुरु हो गए हैं और भाजपा वही अपनी गंदी राजनीति पर उतारू है। उनके भी दो बड़े नेता आज आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर रहे हैं, तो यह लगा रहेगा।

वहीं, आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा पिछले कई महीने से कैलाश गहलोत के ऊपर हर दिन ईडी के दफ्तर बुलाया जाता था। उनको ईडी और आईटी की रेड का सामना करना पड़ता था। उनके पास कोई और रास्ता नहीं था। उन्हें भाजपा में ही जाना था। इससे एक चीज साफ हो गई कि भाजपा दिल्ली का चुनाव हार चुकी है। आज उनके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। उनके पास बताने के लिए कोई चीज नहीं है। वो दिल्ली में ईडी-सीबीआई, इनकम टैक्स के माध्यम से चुनाव लड़ रही है और हम लोग दिल्ली के लोगों के काम करने वाली राजनीति के नाम पर वोट मांग रहे हैं। भाजपा पूरी तरह से यह चुनाव हार चुकी है। इससे इस बात का पूरा संकेत मिलता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.