नई दिल्ली। दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने एमसीडी का बजट पेश होने से पहले शुक्रवार को सिविक सेंटर में डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल और नेता सदन मुकेश गोयल के साथ महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि शनिवार को पेश होने वाला बजट निगमायुक्त एवं अधिकारियों का बजट है जिसके बाद इस बजट पर डेढ़ से दो महीने तक सदन में चर्चा की जाएगी। जिसके बाद बजट को पारित किया जायेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में निगम में पढ़ी लिखी सरकार आई है जो कि पारदर्शी तरीके से बजट को पास करने की दिशा में आगे बढ़ेगी। निगम इतिहास में पहली बार दिल्ली वासियों, एसोसिएशनों, युवाओं, छात्रों के साथ चर्चा करके बजट को पारित किया जायेगा। हमारे सभी पार्षद दिल्ली के 360 शहरीकृत गांवों के प्रधानों के साथ बैठक करेंगे और पारदर्शी तरीके से बजट पास किया जायेगा।
मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि इस बार निगम इतिहास में पहली बार दिल्ली की जनता निगम के बजट पर अपनी मुहर लगाएगी। आगामी दो माह तक सभी लोगों से चर्चा करते हुए बजट पेश किया जाएगा। आम आदमी पार्टी सामुदायिक प्रतिभागिता में विश्वास रखती है। ऐसे में लोग बजट को लेकर अपना फीडबैक ईमेल पर भी दे सकते हैं। इसके लिए इसके लिए एक ईमेल आईडी भी मेयर ने जारी की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि बजट की प्रत्येक मद जैसे अस्पताल,पार्कों,स्कूलों और साफ सफाई इत्यादि पर जनता की सहमति के पश्चात ही मुहर लगनी चाहिए। ऐसे में कल पेश होने वाला बजट दिल्ली नगर निगम के आयुक्त एवं अधिकारियों द्वारा तैयार किया हुआ बजट है। आप पार्टी दिल्ली की जनता के साथ बातचीत कर उनकी सहमति से अपना बजट पेश करेगी।
नेता सदन मुकेश गोयल ने कहा कि पहले निगमायुक्त स्थाई समिति में बजट पेश करते थे। इसके बाद बजट पर वार्ड कमिटियों में चर्चा होती थी, जिसमे क्षेत्र के सभी पार्षद भाग लेकर अपने विचार रखते थे। इसके बाद कमेटी जैसे वर्क्स,शिक्षा आदि अपना बजट रखते थे। इसके बाद बजट पर सदन में चर्चा होने के पश्चात इसे पारित किया जाता था। लेकिन वर्तमान में निगम में स्थाई समिति न होने के कारण बजट सदन में रखा जायेगा। इस बार विभिन्न कमिटियों का निर्माण न होने की सूरत में अरविंद केजरीवाल की सोच के अनुसार बजट का निर्माण जनता की राय से होगा। आम आदमी पार्टी की मंशा है कि दिल्ली की जनता पर कम से कम करों का बोझ डालते हुए अधिक से अधिक सुविधा देने वाला बजट पेश किया जाए।
डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद इस साल दिल्ली नगर निगम का पहला बजट कल 9 दिसंबर को पेश होने जा रहा है, लेकिन यह कमिश्नर और अधिकारियों का बजट है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हम सभी का मानना है कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में सत्ता की कमान संभाली है, तब से एक ऐतिहासिक बजट विधानसभा में पेश किया जा रहा है। इसी प्रकार दिल्ली नगर निगम में भी पहली बार ऐसा बजट आप सरकार लाना चाहती हैं। इससे पहले जो बजट प्रस्तुत होता था वह एक थोपा हुआ बजट होता था और दिल्ली की जनता से कोई राय भी नहीं ली जाती थी लेकिन अब हम दिल्ली नगर निगम में ऐसा बजट लाना चाहते हैं जो दिल्ली की जनता का बजट होगा।