महिलाओं को सम्मोहित कर यौन शोषण करनेवाला बाबा गिरफ्तार
-किसी को बताने पर अंजाम अच्छा नहीं होने की देता था धमकी
नई दिल्ली। अंधविश्वास की आड़ में महिलाओं को फंसाकर उनका यौन शोषण करने के आरोप में 33 साल के एक बहुरूपिया बाबा उर्फ विनोद कश्यप को द्वारका नॉर्थ थाने की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए द्वारका के पुलिस उपायुक्त एम. हर्षवर्धन आरोपी के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि विनोद कश्यप द्वारका नॉर्थ थाना इलाके के ककरोला एरिया में माता मसानी चौकी दरबार के नाम से अपना अड्डा चल रहा था। वह एक यूट्यूब चैनल भी इसी नाम से पिछले दो साल से चला रहा है, जिसके बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं।। दो महिलाओं ने इस बाबा के खिलाफ यौन शोषण का आरोप द्वारका नॉर्थ पुलिस में लगाया था। उस आरोप पर छानबीन करने के बाद पुलिस ने 376/506 आईपीसी की तहत एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की और फिर इस बाबा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह फर्जी बाबा महिलाओं के पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान करने का प्रलोभन देता था। वह इन महिलाओं को सम्मोहित करता था। उनकी मदद करने की बहाने गुरु की सेवा करने के लिए प्रेरित करता था। फिर उसी की आड़ में यौन शोषण करके धमकी भी देता था कि यदि इस बात की जानकारी किसी को दी तो उसका अंजाम अच्छा नहीं होगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी के यूट्यूब चैनल के 34 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर और एक करोड़ 21 लाख से ज्यादा व्यूवर्स हैं। इसके फॉलोअर्स की संख्या भी काफी है और इसी का फायदा उठाकर महिलाओं को वह टारगेट करता था। द्वारका पुलिस मामले में आगे की छानबीन करने में जुटी है। हर्षवर्धन ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 506 के तहत दो मामले दर्ज किए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि आगे की जांच की जा रही है।