नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जेनेटिक बीमारी एसएमए से ग्रसित डेढ़ साल के कनव से मंगलवार को मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कनव के माता-पिता के साथ लंबी बातचीत के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनको जन्म से ही एसएमए नामक गंभीर बीमारी है। इसके चलते उनके पैरों में बिल्कुल जान नहीं थी। अगर 24 महीने के अंदर बीमारी का इलाज नहीं होता तो जान को खतरा हो सकता था। इसके लिए कनव को 17.5 करोड़ रुपए का इंजेक्शन लगना था, जो अमेरिका से आना था। कनव को नई ज़िंदगी देने के लिए हमारे सांसद संजीव अरोड़ा और संजय सिंह के प्रयासों और जनता के सहयोग से वो इंजेक्शन लग गया है और अब कनव के हाथ काम करने लगे हैं और पैरों में भी सुधार है। इस नेक काम में परिवार की मदद करने वाले सभी सेलिब्रिटीज, नेताओं और मीडिया संस्थानों का बहुत-बहुत शुक्रिया यदा करता हूं। इस दौरान पंजाब से आप के राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा और स्थानीय विधायक गुलाब सिंह भी पहुंचे थे।
सीएम अरविंद केजरीवाल जेनेटिक स्पाइनल मस्कुलर अट्रोफी (एसएमए) से ग्रसित कनव से मिलने के लिए नजफगढ़ के नंगली सकरावती स्थित उनके घर पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कनव डेढ़ साल का बच्चा है। कनव जब पैदा हुए थे तो उनको एक जेनेटिक बीमारी थी। इसकी वजह से कनव के पैरों में बिल्कुल जान नहीं थी। वो खड़े नहीं हो सकते थे। पैर काम नहीं कर रहे थे। यह बीमारी धीरे-धीरे पैरों से उपर शरीर में जाने लगी और कनव को बैठने में दिक्कत होने लगी। कनव के माता-पिता ने बहुत सारे टेस्ट करवाए। टेस्ट से पता चला कि कनव को आनुवंशिक बीमारी है। अगर 24 महीने के अंदर इस बीमारी का इलाज नहीं कराया गया तो ये बीमारी धीरे-धीरे पूरे शरीर में फैल जाएगी और फेफडे भी काम करना बंद कर देंगे। इससे जान का खतरा हो सकता है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कनव के माता-पिता ने इस बीमारी के इलाज के बारे में पता किया और पता चला कि इस बीमारी का एक ही इंजेक्शन है, जिसकी कीमत 17.5 करोड़ रुपए है। यह इंजेक्शन अमेरिका से आएगा। सीएम ने कहा कि भारत में इस बीमारी के अभी तक 9 मामले आए हैं और दिल्ली में यह पहला मामला है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि कनव के माता-पिता मध्यम वर्गीय परिवार से हैं। इनके लिए 17.5 करोड रुपए का इंतजाम करना आसान नहीं था। इस पैसे के इंतजाम के लिए कनव के माता- पिता ने पंजाब से हमारे राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा से संपर्क किया। सांसद संजीव अरोड़ा कई सारे चैरिटेबल कार्य करते हैं। इनकी कई सारी एनजीओ भी हैं। एनजी के जरिए संजीव अरोड़ा लोगों की मदद करते हैं। संजीव अरोडा ने लोगों से अपील कर कहा कि कनव को बचाने के लिए डोनेशन दीजिए। संजीव अरोड़ा की अपील पर बहुत सारे लोगों ने डोनेशन दिया। इस देश में अच्छे दिल वालों, दानवीरों की कमी नहीं है। लिहाजा, कनव की मदद करने के लिए बहुत सारे लोग सामने आए।