भाजपा ने फिल्म आदिपुरुष को बनवा कर भगवान पुरुषोत्तम राम और माता सीता के साथ हनुमान जी का अपमान किया:आप
-फिल्म आदिपुरुष के कुछ डायलॉग और दृश्य पर की कड़ी आपत्ति
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा नेताओं के आशीर्वाद से बनी फिल्म आदिपुरुष के कुछ डायलॉग और एक दृश्य पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है। आप ने इसे हिंदू धर्म का अपमान बताते हुए भाजपा पर सीधा हमला बोला है। आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह का कहना है कि भाजपा ने फिल्म आदिपुरुष को बनवा कर भगवान पुरुषोत्तम राम और माता सीता के साथ हनुमान जी का अपमान किया है। उन्होंने बताया कि ये फिल्म भाजपा के कई मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के आशीर्वाद से बनी है। इसमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा समेत कई लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के कई आपत्तिजनक डायलॉग हैं, जो बहुत ही शर्मनाक हैं। इसके बाद भी भाजपा के नेता फिल्म का प्रचार कर रहे हैं। इसके लिए भाजपा नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए। संजय सिंह ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि भाजपा अपनी घटिया राजनीति के लिए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, भगवान बजरंग बली और माता सीता का खुलेआम पूरे देश में अपमान करवा रही है। इस अपमान के भागीदार भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता, भगवान बजरंगबली, जिनका नाम आते ही आदर भाव से हर हिंदुस्तान का सिर नतमस्तक हो जाता है। ऐसे भगवान श्रीराम, माता सीता और भगवान बजरंगबली का अपमान एक फिल्म बनवा कर भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने किया है। बीजेपीवालों ने एक बार फिर साबित किया है कि बीजेपी सड़क छाप लोगों की पार्टी है। आदिपुरुष नामक एक फिल्म योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह, एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, मनोहर लाल खट्टर, हिमंत बिस्वा सरमा, पुष्कर सिंह धामी, नरोत्तम मिश्रा के आशीर्वाद से फिल्म बनी है। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के इतने सारे मुख्यमंत्री और तमाम नेताओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का अपमान इस फिल्म के माध्यम से करवाया है। पूरे हिंदू समाज व पूरे हिंदुस्तान से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए।