फंड जारी नहीं हुआ तो निगम मुख्यालय पर देंगे धरना: नाजिया दानिश

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश की ओर से बुधवार को कर्नाटक में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के मद्देनजर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में धन्यवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री रहे व पूर्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, जाकिर नगर वार्ड से पूर्व पार्षद शोएब दानिश समेत कांग्रेसी पार्षद व कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि कर्नाटक में जो कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जीत हुई है उससे यह साबित होता है कि जनता ने अब कांग्रेस के प्रति मन बना लिया है और हमें पूरी उम्मीद है कि 2024 में कांग्रेस केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। वहीं, दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने कहा कि जिस प्रकार कर्नाटक में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है उसी प्रकार दिल्ली में भी कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। नाजिया दानिश ने निगम की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें फंड नहीं दिया जा रहा है जिसके चलते हम अपने-अपने क्षेत्र में काम नहीं करवा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्दी फंड नहीं दिया गया तो हम निगम मुख्यालय पर धरना देंगे और आगामी हाउस की बैठक में इसका विरोध करेंगे। जबकि, जाकिर नगर वार्ड से पूर्व काउंसलर शोएब दानिश ने कांग्रेस की जीत पर सभी को बधाई। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम में आप और भाजपा नूरा कुश्ती कर रहे हैं। दोनों पार्टियों के काम करने की नीयत सही नहीं है। उन्होंने कहा कि जाकिर नगर वार्ड में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है हमें बजट नहीं दिया जा रहा है। क्योंकि वहां से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं और विधायक को लगता है कि अगर हमें बजट दिया गया और हम काम करवाएंगे तो उसका क्रेडिट हमें मिलेगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.