कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के बयान को लेकर दिल्ली भाजपा ने सोनिया गांधी आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिताजी को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया और पवन खेड़ा की कांग्रेस से बर्खास्तगी की मांग की।

वीरेन्द्र सचदेवा के साथ नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद रमेश बिधूड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता आदि ने विरोध प्रदर्शन को संबोधित किया। विरोध प्रदर्शन का संचालन प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर ने किया। प्रदर्शन में विधायक अजय महावर, अभय वर्मा, मोहन सिंह बिष्ट, ओ पी शर्मा, जितेन्द्र महाजन एवं अनिल वाजपेयी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर पी सिंह, प्रदेश प्रदाधिकरी विष्णु मित्तल, बरखा सिंह, इम्प्रीत सिंह बख्शी एवं गौरव खारी, हरीश खुरना, श्री प्रवीण शंकर कपूर, योगिता सिंह पूर्व महापौर जयप्रकास सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि पवन खेड़ा ने प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को लेकर जो बोला है वह उनके कांग्रेसी संस्कारों को दर्शाता है और यह सुनिश्चित करेगा कि कांग्रेस 2024 में दहाई का आंकड़ा नही छू पायेगी। उन्होंने कहा कि गत दस साल से कांग्रेस की सर्वोच्च नेता श्रीमति सोनिया गांधी सहित विभिन्न नेता लगभग 80 बार प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पर आपतिजनक टिप्पणियाँ कर चुके हैं।

सचदेवा ने कहा कि मणि शंकर अय्यर, दिग्विजय सिंह, रणदीप सुरजेवाला, पी.एल. पुणिया, कमलनाथ, सुबोधकांत सहाय से लेकर आज पवन खेड़ा तक ना जाने कितने कांग्रेस नेताओं ने प्रधान मंत्री के प्रति जहर उगला है पर जब भी यह बोले तब-तब कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक भूमी खोई है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी से लेकर पवन खेड़ा तक कांग्रेसियों ने प्रधान मंत्री को मौत का सौदागर कहने से लेकर उनके माता पिता पर टिप्पणी की है और पार्टी ने हर बार चुनाव मे हार पा कर भी कभी खुद को सुधारा नहीं। कांग्रेस में अगर नैतिकता बची है तो वह तुरंत पवन खेड़ा को पार्टी से बर्खास्त करें।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के पिताजी के बारे में इस तरह का बयान बिल्कुल अक्षम्य है और भाजपा इसके लिए चुप नहीं रहने वाली है। यह कांग्रेस पार्टी वही है जिसके मुखिया राहुल गांधी भारत द्वारा पाकिस्तान के ऊपर एयरस्ट्राइक किए जाने का विरोध करते हैं। आज कांग्रेस कुछ ही राज्यों में सिमट चुकी है लेकिन अगर इनकी यही आदत रही तो 2024 के लोकसभा चुनाव में वह आलोप हो जायेंगे। कांग्रेस नेता श्रीमती सोनिया गांधी तुरन्त पवन खेड़ा द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लिए अभ्रद और अमर्यादी भाषा का प्रयोग किए जाने के लिए देश से माफी मांगे।