नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को साउथ-वेस्ट दिल्ली के मधु विहार में रहने वाले एएसआई स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और दिल्ली सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा। मायापुरी थाने में तैनात एएसआई शंभु दयाल बीती 4 जनवरी को एक महिला की शिकायत पर मोबाइल छीनने के आरोपी को पकड़ने गए थे। आरोपी ने चाकू से हमला कर उनको गंभीर रूप से घायल कर दिया और अस्पताल में उनका निधन हो गया। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एएसआई शहीद शंभु दयाल ने बड़ी बहादुरी से जनता की सेवा की। उनकी शहादत व हिम्मत को पूरी दिल्ली और देश सलाम करता है। आज के जमाने में ऐसे बहुत कम लोग हैं, जो अपनी जान दांव पर लगा कर समाज की सेवा करें। उनके परिवार से मिलकर एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा। हम भविष्य में भी उनके परिवार के साथ खड़े हैं। इस दौरान परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और स्थानीय विधायक भावना गौर भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार सुबह साउथ वेस्ट दिल्ली के मधु विहार में रहने वाले दिल्ली पुलिस में एएसआई स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने स्वर्गीय शंभु दयाल के पिता मातादीन मीणा, पत्नी संजना और उनके तीनों बच्चों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बीते 4 जनवरी को दिल्ली पुलिस के एएसआई शंभु दयाल मीणा जी अपने थाने में थे। उसी वक्त एक महिला आई। महिला ने शिकायत की कि किसी ने उनके पति का मोबाइल फोन छीन लिया है। एएसआई शंभु दयाल जी उस महिला के साथ घटना स्थल पर गए। मार्केट में उस महिला ने एक व्यक्ति की तरफ इशारा करते हुए दिखाया कि उस व्यक्ति ने उनके पति का मोबाइल छीना है। शंभु दयाल जी ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया। उस व्यक्ति के पास चाकू था। उसने चाकू निकाल कर शंभु दयाल जी के उपर कातिलाना हमला किया। शंभु दयाल जी ने अपनी हिम्मत और साहस दिखाते हुए उस व्यक्ति को पुलिस बल के आने तक पकड़े रखा। उन्होंने बहुत ही बहादुरी और हिम्मत का परिचय दिया, लेकिन इस घटना में शंभु दयाल जी जान चली गई।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा जैसे पुलिसकर्मियों पर बहुत गर्व है। आज के जमाने में ऐसे पुलिस वाले बहुत कम मिलते हैं, जो अपनी जान दांव पर लगा कर समाज की सेवा करें। ऐसे बहुत कम लोग हैं। दिल्ली समेत पूरे देश को उनके उपर गर्व है। ऐसे लोगों की जान की कीमत नहीं लगाई जा सकती। मैं स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के पूरे परिवार से मिला। उनके परिवार में उनकी पत्नी, उनके पिता और बेटा दीपक और दो बेटियों से मुलाकात की। हमने स्वर्गीय शंभु दयाल के परिवार को दिल्ली सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी है। मैं समझता हूं कि इससे उनके परिवार को थोड़ा सा सहारा मिलेगा। उनके परिवार को भविष्य में भी किसी तरह की जरूरत पड़ेगी, तो हम उनके साथ खड़े हैं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा जी की आत्मा को शांति दे।
Perfect Khabar is a Leading Hindi News Paper and web portal,.It's Publish From Delhi