आसिफ खान
नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के शनिवार तड़के दिल्ली में प्रवेश करने के दौरान बदरपुर से लेकर लाल किले तक की सड़क तिरंगे, गुब्बारों और राहुल गांधी की तस्वीर वाले बैनरों से पटी पड़ी नजर आई। हरियाणा और दिल्ली से सैकड़ों लोग बदरपुर बॉर्डर पर यात्रा में शामिल हुए और उन्होंने भारत जोड़ो और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। ड्रम की थाप और देशभक्ति के गीत बजने के साथ ही कांग्रेस यात्रियों का उत्साह चरम पर था। यात्रा मार्ग पर पार्टी के कार्यकर्ता खड़े रहे और यात्रियों पर फूल बरसाए। बदरपुर से आश्रम तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई दी गई थी, कई जगहों पर अवरोधक लगाए गए थे और पुलिसकर्मियों के दल तैनात किए गए थे। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि भाजपा भारत जोड़ो यात्रा से डरी हुई है, क्योंकि इसे लोगों से भारी प्रतिक्रिया मिल रही है। कन्हैया ने भाजपा पर यात्रा को रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे इस यात्रा से डरे हुए हैं और यही वजह है कि ऐसे बहाने बना रहे हैं। राहुल गांधी देश में प्रेम और शांति फैला रहे हैं। वहीं, कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बदरपुर में दिल्ली सीमा पर राहुल गांधी और यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा ने हरियाणा के फरीदाबाद की तरफ से दिल्ली में प्रवेश किया। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला, शक्ति सिंह गोहिल सहित कई अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने भी राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की।
बॉक्स
एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए रोकी गई भारत जोड़ो यात्रा
– एम्बुलेंस को जाने देने के लिए कुछ देर सड़क पर रुके रहे राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल के पास एक एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपनी भारत जोड़ो यात्रा कुछ देर के लिए रोक दी। एम्बुलेंस को जाने देने के लिए राहुल कुछ देर सड़क पर रुके रहे। उन्होंने साथी यात्रियों से भी एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए कहा। यह घटना राजधानी में अपोलो अस्पताल के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। इससे पहले राहुल के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा ने सुबह हरियाणा के बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश किया।