आसिफ खान
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के नतीजे आने के महज दो दिनों के बाद ही कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए दो नव निर्वाचित पार्षद आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इन पार्षदों के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी आप में शामिल हुए। आप में शामिल होने के बाद कांग्रेस में पार्षदों की संख्या घटकर सात रह गई है, जबकि आप के पार्षदों की संख्या बढ़कर 136 हो गई।
शुक्रवार को आप मुख्यालय में विधायक दुर्गेश पाठक ने नवनिर्वाचित पार्षद सबीला बेगम और नाजिया खातून को आप में शामिल करवाया। इनके साथ दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेहदी नेताओं के साथ पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर दुर्गेश पाठक ने कहा कि 15 सालों से भाजपा ने दिल्ली में कोई काम नहीं किया। दिल्ली वालों ने भाजपा को वोट ना देकर एमसीडी में आम आदमी पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई। आप भाजपा, कांग्रेस, आरडब्ल्यूएस सहित सभी के सहयोग से दिल्ली को दुनिया का सबसे सुंदर शहर बनाएगी। सभी के सहयोग से ही दिल्ली को दुनिया का सबसे सुंदर और साफ शहर बनाना संभव होगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली का विकास तेजी से हो रहा है। सबके सहयोग से इस विकास की गति को और तेज किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की टिकट पर सबीला बेगम मुस्तफाबाद वार्ड से और नाजिया खातून बृजपुरी वॉर्ड की पार्षद चुनी गई थी। उनके साथ नेहरू विहार के ब्लॉक अध्यक्ष अलीम अंसारी, दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी सदस्य हाजी खुशनूद सहित अन्य आप में शामिल हुए।
बॉक्स
भाजपा ने साधा आप पर निशाना
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि दिल्ली के लोग आज यह देख कर अचंभित हैं की जो कल तक ऑपरेशन लोटस का डर दिखा रहे थे वह खुद ही हाशिये पर पहुंची कांग्रेस के पार्षदों को तोड़ रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो खुद पार्षदों को तोड़ने का अभियान चला रहे हैं वह भाजपा पर झूठे आरोप लगाते हैं।