पूर्व महापौर जय प्रकाश और निगम के विशेष अधिकारी ने किया किशनगंज आरयूबी के तीसरे बॉक्स का उद्घाटन
-पुरानी दिल्ली के इलाकों को जाम से मिलेगा निजात
नई दिल्ली। पूर्व महापौर जय प्रकाश, दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार और आयुक्त ज्ञानेश भारती ने किशनगंज रेलवे अंडर ब्रिज के तीसरे बॉक्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उपायुक्त निधि मलिक एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व महापौर जय प्रकाश ने बताया कि किशनगंज आरयूबी पर रेलवे द्वारा चार बॉक्स का निर्माण किया गया है। निगम द्वारा दो बॉक्स पर आरसीसी रोड का निर्माण कर पहले ही यातायात के लिए खोल दिया था और आज तीसरे बॉक्स पर आरसीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा होने पर इसे नागरिकों को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम द्वारा किशनगंज आर.यू.बी के निर्माण में अभी तक 74 करोड़ रूपए की लागत आई है जिसमे से रेलवे को चार बक्सों के निर्माण के लिए लगभग 57 करोड़ की राशि जारी की गई है। इसके साथ ही अंडरब्रिज के निर्माण के लिए रेलवे एवं दिल्ली नगर निगम के मध्य संपत्तियों का हस्तांतरण भी किया गया है जिससे आर यू बी का निर्माण कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार ने बताया कि दिल्ली के नागरिकों को सर्वश्रेष्ठ नागरिक सेवाएं प्रदान करने के लिए एमसीडी लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आरयूबी का तीसरा बॉक्स यातायात की आवाजाही को आसान बनाने में मदद करेगा।